जबलपुर के बेलखेड़ा स्थित बरमान रोड पर आज हो रही बारिश के चलते रपटे के ऊपर पानी आ गया, जिससे लोगों की आवाजाही बंद हो गई। इसी बीच वहां पहुंचे एक बोलेरो वाहन के चालक ने पानी बहता देख वाहन निकालने का प्रयास किया।
रपटे के बीच पहुंचते ही चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो उफनते नाले के अथाह पानी में समा गई। बोलेरो में चालक समेत चार कर्मचारी सवार थे। उफनते नाले को पार करने की कोशिश में चालक की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, बोलेरो एक शराब ठेकेदार की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कटाव के पास बने रपटे पर करीब तीन फीट पानी बह रहा था। वहां मौजूद दर्जनों लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो वहां पहुंची और उसके चालक ने रपटे के उफनते पानी में वाहन उतार दिया। नतीजा यह हुआ कि तेज बहाव में बोलेरो बह गई और देखते ही देखते नाले के गहरे पानी में समा गई।
ये भी पढ़ें- Mandsaur News: हथकड़ी लगे पिता-पुत्र पुलिस की गाड़ी लेकर फरार, CCTV में कैद हुई घटना; 420 के आरोपी निकले शातिर
चीख-पुकार के बीच वाहन में सवार तीन लोगों ने बोलेरो का शीशा तोड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली। जबकि चालक, सदर निवासी रवि पिल्ले, बोलेरो के भीतर ही फंस गया। करीब तीन घंटे तक बोलेरो पानी में डूबी रही। जब जलस्तर कुछ कम हुआ, तब ग्रामीणों ने वाहन का दरवाजा खोलकर रवि पिल्ले को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।