मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद ब्लॉक में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने अपना 60वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया। इस दौरान संगठन से जुड़े कार्यकर्ता, महिला और पुरुष बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। कार्यक्रम में शुरुआत से लेकर अब तक संगठन के कार्यों पर चर्चा की गई और संगठन की प्रमुख उपलब्धियों को सभी के सामने रखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बाल गोपाल गौशाला निमरानी के श्री श्री 1008 महंत लक्ष्मण गिरि महाराज उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम की संयोजिका और मुख्य वक्ता सरोज सोनी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन के उद्देश्यों और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गर्व और गौरव की बात है कि विश्व हिंदू परिषद ने 60 वर्षों की यात्रा पूरी कर ली है।
सरोज सोनी ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि हिंदू समाज को अब और अधिक एकजुट और संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के विभिन्न जातियों में विभाजित होने का फायदा उठाकर धर्मांतरण की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद पिछले 60 वर्षों से हिंदू समाज को संगठित और एकजुट करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज में किसी प्रकार का जाति, ऊंच-नीच, अमीरी-गरीबी का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
मीडिया से चर्चा के दौरान, विश्व हिंदू परिषद की महिला सह प्रभारी सरोज सोनी ने बताया कि संगठन के 60 वर्षों की यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं। उन्होंने कहा कि देश में धर्म और संस्कृति की रक्षा, गौ माता की सुरक्षा, बहन-बेटियों की रक्षा, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी। संगठन का उद्देश्य सेवा, सुरक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज को जागरूक करना है। साथ ही, छोटे चिकित्सा केंद्र प्रारंभ कर अभावग्रस्त क्षेत्रों में सेवा के कार्य भी किए जा रहे हैं।