मध्यप्रदेश के खंडवा नगर में देर रात निकाले गए मशाल जुलूस के दौरान हुए हादसे में झुलसे लोगों में भय का माहौल है। आग से झुलसे 16 लोग खंडवा जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। हादसे के बाद करीब 30 लोग अस्पताल पहुंचे थे, इनमें से 18 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर वापस भेज दिया गया था, जबकि कुल 12 घायल भर्ती बताए गए थे। हालांकि, 4 लोगों को बाद में जख्मी हालत में जिला अस्पताल लाकर भर्ती किया गया। इस तरह अब तक कुल 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, हादसे में आग से झुलसने वालों की संख्या 34 तक पहुंच चुकी है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग हादसे के बाद मची भगदड़ में गिरकर भी घायल हुए थे, जो मामूली चोटों के चलते अस्पताल तक नहीं पहुंचे।
ड्रोन की हवा से ही आग भड़क
इन घायलों में महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। फिलहाल सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है। घायलों से इस घटना को लेकर बात करने पर उनका कहना था कि यह घटना एक हादसा है। जुलूस के बाद जब मशालों को बुझाया जा रहा था, उस समय वहां ऊपर उड़ रहे ड्रोन से शूटिंग हो रही थी। लोगों का मानना है कि ड्रोन की हवा से ही आग भड़क गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। खंडवा एसपी मनोज राय ने देर रात ही इस घटना को लेकर बताया कि मशाल जुलूस के समापन के समय कुछ मशालों के उल्टे हो जाने के कारण उनमें भरा तेल और बुरादा भभक गया था, जिससे यह हादसा हुआ।
16 घायलों के चेहरे और हाथों पर जलने के निशान
खंडवा जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉक्टर एम.एल. कलमे ने बताया कि रात में पहले ड्यूटी डॉक्टर से जानकारी मिली थी कि 5-6 लोग झुलसे हुए हालत में अस्पताल आए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने की जानकारी मिली तो वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहां काफी भीड़ थी और करीब 28-30 घायल आ चुके थे। सभी का तुरंत उपचार किया गया, जिसमें से अधिकतर को रात में ही प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लेकिन, 16 लोगों के चेहरे और हाथ पर जलने के घाव के निशान थे, जिस कारण उन्हें इलाज के लिए भर्ती रखा गया है। सभी की स्थिति अब बेहतर है, कोई भी गंभीर हालत में नहीं है।