नर्मदापुरम जिले के इटारसी के पास स्थित जुझारपुर गांव में सोमवार रात करीब 10:00 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पूरा घर जलकर खाक हो गया।
यह मकान किसान जगदीश चिमनियां का बताया जा रहा है। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था, क्योंकि उसी दिन उनके बेटे का फलदान कार्यक्रम पास के एक निजी गार्डन में चल रहा था और पूरा परिवार वहीं मौजूद था। इसी बीच घर में आग लगने की सूचना ने पूरे परिवार और गांव में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया।
पढ़ें: बाघिन N6 ने दिए चार शावकों को दिए जन्म, टाइगर रिजर्व में बढ़ी संख्या; वन विभाग में भी खुशी
आग लगते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की विकराल लपटों के आगे सारे प्रयास नाकाफी साबित हुए। आग तेजी से पूरे घर में फैलती चली गई और अंदर रखा सामान भी बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही इटारसी से दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और अधिकांश सामान जल चुका था। आगजनी में घर में रखा गेहूं, शादी का सामान, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा इसकी जांच की जा रही है। हादसे में राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं, पीड़ित परिवार को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है और लोग प्रशासन से मदद की मांग कर रहे हैं।