पन्ना के शाहनगर में महज 120 रुपये के मोबाइल कवर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। ऑनलाइन मंगाए गए मोबाइल कवर में खराबी मिलने के बाद डिलीवरी बॉय और शाहनगर एसडीएम रामनिवास चौधरी के बीच हुई कहासुनी ने ऐसा मोड़ लिया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।
इसके बाद डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
मोबाइल कवर को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शाहनगर एसडीएम रामनिवास चौधरी ने ऑनलाइन मोबाइल कवर मंगाया था। बताया जा रहा है कि मोबाइल कवर में खराबी होने के कारण उसे वापस करने या बदलने को लेकर डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा और एसडीएम के बीच बातचीत हुई। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद की सूचना मिलने पर शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और बाद में जेल भेज दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग इस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- MP Rain Alert: मानसून ने बदली चाल, एमपी के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें कहां बरसेंगे सबसे ज्यादा बादल
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौके की परिस्थितियों को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस पूरे मामले को लेकर पन्ना एसपी निवेदिता नायडू ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर जो भी कार्रवाई होगी, वह विधि सम्मत की जाएगी।