राजगढ़ जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। आज माचलपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जंगल क्षेत्र से एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में केमिकल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ग्राम आदमपुरा के जंगल इलाके में की गई, जहां मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने दबिश दी।
बताया जा रहा है कि तस्करों ने करीब 266.9 किलो केमिकल को पांच नीले ड्रमों में भरकर जमीन में गाड़ रखा था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रमों को बाहर निकाला और पूरे केमिकल को जब्त कर लिया। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस केमिकल की कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केमिकल सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करने में इस्तेमाल किया जाता है, जिससे युवाओं को निशाना बनाया जाता है।
माचलपुर थाना पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ दिनों पहले ही इलाके में ड्रग्स से जुड़ा एक और बड़ा खुलासा हुआ था। चार दिन पूर्व पुलिस ने बड़ी मात्रा में केमिकल पाउडर और ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जब्त किया था। वहीं, दो दिन पहले माचलपुर थाना क्षेत्र से करीब दस किलोमीटर दूर घोघटपुर गांव में संचालित एक अवैध फैक्ट्री पर भी संयुक्त पुलिस टीम ने छापेमारी की थी, जहां से लगभग चार करोड़ रुपये कीमत की सामग्री बरामद हुई थी।
ये भी पढ़ें- जिम संचालक माज छात्रा से दुष्कर्म और लव जिहाद में गिरफ्तार, मदद करने वाला हवलदार निलंबित
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह संकेत मिल रहा है कि क्षेत्र में संगठित तरीके से मादक पदार्थों का नेटवर्क सक्रिय था, जिसे तोड़ने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। फिलहाल इस मामले में तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के इलाकों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
एडिशनल एस पी के एल बंजारे का कहना है सूत्रों से मिली जानकारी पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पुलिस ने माचलपुर थाना क्षेत्र के जंगल में तलाशी की जहां से 5 नीले ड्रम छुपे हुए मिले हैं जिनको पुलिस ने जप्त कर लिया है जिनकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए आंकी गई है फिलहाल यह ड्रम किसने छुपाए थे यह जानकारी नहीं मिली है पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।