मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक युवती और उसकी तीन माह की बच्ची को घर में घुसकर जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट और धमकी भी दी। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने युवती के लिव-इन पार्टनर पुष्पेंद्र चौहान समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
तीन साल से लिव-इन में रह रही थी युवती
जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली नीलम गुहारिया ने पुलिस को बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी महक गुहारिया पिछले तीन साल से करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बेटी आरोही भी है। परिजनों के अनुसार, कुछ समय से पुष्पेंद्र महक को परेशान करने लगा था। इससे परेशान होकर महक अपनी बच्ची के साथ शिवपुरी लौट आई थी और परिवार के साथ रह रही थी।
परिवार को लगातार मिल रही थीं धमकियां
परिवार का आरोप है कि पुष्पेंद्र लगातार उन्हें धमकी दे रहा था। कुछ दिन पहले भी वह घर पहुंचा था और महक को अपने साथ ले जाने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो उसने जबरन उठाकर ले जाने की धमकी दी थी।
हथियार लेकर घर में घुसे आरोपी
बताया गया कि रात करीब 8:35 बजे पुष्पेंद्र अपने 8 से 10 साथियों के साथ घर में घुस आया। आरोप है कि पुष्पेंद्र के हाथ में हथियार था, जबकि उसके साथी हॉकी और डंडे लिए हुए थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए परिवार के साथ मारपीट की। घटना में नीलम गुहारिया और उनके पति तृप्तेश गुहारिया घायल हो गए। आरोपियों ने घर में मौजूद मासूम बच्ची को भी धक्का दिया।
ये भी पढ़ें- NCRB रिपोर्ट में खुलासा: पुलिस हिरासत से आरोपी फरार होने में मध्य प्रदेश देश में अव्वल
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाली थाना पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान सहित 8 से 10 लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी, अपहरण और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो वायरल
घटना के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर युवती महक का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में महक ने कहा कि उसका अपहरण नहीं हुआ है और वह अपनी मर्जी से पुष्पेंद्र चौहान के साथ गई है। उसने बताया कि पुष्पेंद्र उसका पति है और दोनों की एक छोटी बच्ची भी है। महक ने अपने ही परिजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि वह अब अपने परिवार के साथ नहीं रहना चाहती।
पुष्पेंद्र चौहान ने भी जारी किया वीडियो
कथित अपहरणकर्ता बताए जा रहे पुष्पेंद्र चौहान ने भी एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उसने पुलिस और युवती के परिजनों से उन्हें परेशान नहीं करने की अपील की है। पुष्पेंद्र ने वीडियो में यह भी कहा कि यदि उन्हें लगातार परेशान किया गया तो वह महक और बच्ची के साथ आत्महत्या कर लेगा। वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा उलझता नजर आ रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मामला
पुलिस के अनुसार महक और पुष्पेंद्र पहले इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुके हैं। दोनों की एक तीन माह की बच्ची भी है। कुछ समय से युवती अपने परिजनों के साथ शिवपुरी में रह रही थी। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस बोली- युवती के बयान के बाद साफ होगी सच्चाई
एसडीओपी संजय चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती कुछ समय से इंदौर में पुष्पेंद्र चौहान के साथ लिव-इन में रह रही थी और दोनों की एक तीन माह की बच्ची भी है। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसका वास्तव में अपहरण हुआ है या वह अपनी मर्जी से गई है। फिलहाल पुलिस की टीमें महक और पुष्पेंद्र की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई हैं। दोनों के मोबाइल फिलहाल बंद आ रहे हैं।