टीकमगढ़ नगर परिषद बड़ागांव क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन ने मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मिनी बस से मावा और मिठाई की बड़ी खेप जब्त की। तहसीलदार पलक जैन ने भदोरा पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान टीकमगढ़ से जबलपुर जा रही विंगर बस को रोका और उसकी तलाशी ली।
जांच के दौरान वाहन से करीब 19 बोरी मावा, मावा से बनी मिठाई और मिल्क पाउडर बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में सामग्री के अवैध परिवहन और मिलावट की आशंका जताई गई। तहसीलदार ने तुरंत इसकी सूचना खाद्य विभाग को दी, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष ज्वाइन टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही संदिग्ध सामग्री के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
मावा से बनी मिठाइयों में मिलावट होने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। तहसीलदार पलक जैन ने बताया कि जब्त किया गया माल ग्वालियर से जबलपुर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में वाहन मालिक के रूप में सुनील साहू का नाम सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मावा से बनी मिठाइयों में मिलावट होने की संभावना है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- MP News: महिला आरक्षण बिल पर सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘जनता देगी जवाब’
फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लेकर जब्त सामग्री को सुरक्षित रख लिया है। खाद्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।अधिकारियों का कहना है कि यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।