टीकमगढ़ नगर पालिका की संपत्तियों पर वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों के खिलाफ मंगलवार को जिला प्रशासन और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 दुकानों को अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों के ताले कटर से काटे गए, अंदर रखा सामान बाहर निकलवाया गया और इसके बाद दुकानों को सील कर नोटिस चस्पा किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
हाल ही में आयोजित टीएल बैठक में नगर पालिका की लगभग 55 दुकानों पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया एवं प्रभारी अध्यक्ष डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद नगर पालिका के अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट के सामने, मां कर्मा बाई मार्केट, पुरानी तहसील सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया। प्रशासनिक टीम ने चिन्हित दुकानों को खाली कराकर अपने कब्जे में लिया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
ये भी पढ़ें- Live Bhopal Farmers Protest Live: किसान बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े; सीएम हाउस के पास डंपर लगाकर रोड रोकी गई
कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने कहा कि अब नियमानुसार नए सिरे से दुकानों की आवंटन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों ने लंबे समय तक दुकानों पर अवैध कब्जा बनाए रखा, उनसे कब्जे की पूरी अवधि का किराया एवं अन्य देय राशि की वसूली की जाए। साथ ही भविष्य में नगर पालिका की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इधर स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में अभी भी कई दुकानें ऐसी हैं जिनका आवंटन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है, जबकि उनका संचालन किरायेदार कर रहे हैं। लोगों ने ऐसे मामलों की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही दुकान आवंटन में शासन की गाइडलाइन का पालन नहीं होने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई जा रही है।