पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार का "ऑपरेशन सिंदूर" लगातार चल रहा है। एक तरफ पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय सेना उसे कड़ा जवाब दे रही है। इसी बीच देशभर में लोग एकजुट होकर सेना का समर्थन कर रहे हैं। देश के कई मंदिरों में सेना की जीत के लिए हवन, यज्ञ और पूजा-पाठ किया जा रहा है।
आज सदावल रोड पर स्थित दादूराम आश्रम में स्वामी ज्ञानदास महाराज ने देश की सुरक्षा और आतंकवाद को खत्म करने के लिए अखंड यज्ञ का आयोजन किया। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, पाकिस्तान के रवैये को देखते हुए यह यज्ञ शुरू किया गया। स्वामी ज्ञानदास महाराज ने बताया कि जब तक भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनी रहेगी, तब तक यह यज्ञ चलता रहेगा।
यह भी पढ़ें:
प्रसूता की मौत के मामले में दोषी पाई गईं डॉ. गीतांजलि की संविदा अवधि समाप्त, जानें क्या है मामला
उन्होंने कहा कि यज्ञ का मकसद आतंकवाद का खात्मा और देश की शांति है। स्वामी जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की और कहा कि जिस तरह आतंकियों ने हमारी बहन-बेटियों का सिंदूर छीना है, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी "ऑपरेशन सिंदूर" के जरिए आतंकवाद को मिटा रहे हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “मोदी तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” के नारे गूंजते रहे। आयोजकों ने बताया कि ऐसे हवन और पूजा आगे भी होते रहेंगे ताकि सैनिकों को मनोबल मिलता रहे। एक श्रद्धालु ने कहा, “मोदी जी ने दिखा दिया है कि भारत अब चुप बैठने वाला देश नहीं है, बल्कि आतंकवाद का डटकर जवाब देने वाला देश है।”