दमोह जिले के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वर धाम बांदकपुर में बनने जा रहे कॉरिडोर का भूमिपूजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा महाकाल लोक की तर्ज पर दमोह के बांदकपुर में जागेश्वरनाथ लोक का निर्माण किया जाएगा। 100 करोड़ से बनने वाले कॉरिडोर का निर्माण पांच चरणों में होगा। मुख्यमंत्री ने जागेश्वरनाथ लोक के लिए लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम ने जागेश्वरनाथ लोक के प्लान को भी देखा। साथ ही जागेश्वरनाथ धाम की महिमा पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया।
सीएम ने कहा कि जागेश्वरधाम में आकर ऐसा लगा कि महाकाल में आ गया। जागेश्वर और महाकाल मंदिर में कोई अंतर नहीं। बहुत जल्दी जागेश्वर धाम बनकर तैयार हो जाएगा। यह अलौकिक तीर्थ बनेगा। इसके लिए जो भी धनराशि की जरूरत पड़ेगी, उसे दिया जाएगा। बहुत जल्दी यह पूरा धाम जगमगाएगा और दुनिया यहां आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों में सैन्य शक्ति ने वह सभी प्रकार की क्षमताएं हासिल कर लीं, जिससे हम किसी से भी लड़ने के लिए तैयार हैं। वर्तमान में जिस प्रकार के हालात चल रहे हैं उसके लिए हमें प्रधानमंत्री का हृदय से धन्यवाद देना चाहिए।
ये भी पढ़ें-सात मौत के आरोपी डॉक्टर नरेंद्र यादव को दमोह लेकर आई छत्तीसगढ़ पुलिस, पूछताछ के लिए लेकर गई थी बिलासपुर
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से उज्जैन में महा लोक का निर्माण हुआ था, उसी प्रकार से श्री जागेश्वर लोक का निर्माण भी कराया जा रहा है और इसके प्रथम चरण के भूमिपूजन के लिए मैं यहां पर आया हूं। इस लोक का निर्माण 100 करोड़ की लागत से किया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण में 10 करोड रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। यदि इसमें भी राशि की कमी आएगी तो शासन और भी राशि स्वीकृत करेगी। मैं यहां पर पहली बार आया हूं, लेकिन अब मैं हमेशा ही बार-बार यहां पर आऊंगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से यहां पर स्वयंभू भोलेनाथ शिवलिंग विराजमान हैं उसी प्रकार से यहां का विकास कार्य होना भी बहुत ही आवश्यक है। और, इसके लिए सरकार किसी भी तरह से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से वर्तमान में जल संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहे हैं और यहां पर 300 वर्ष पुरानी बावड़ी का जिस प्रकार से संरक्षण और कार्य किया गया है। वह अदितितीय है। उन्होंने यह भी कहा कि 26 मई से 3 जून तक समूचे प्रदेश में रोजगार मूलक कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिससे कि कृषि के क्षेत्र में समूचे रोजगार उपलब्ध हो सके। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
ये भी पढ़ें-टाइगर रिजर्व से होकर बहने वाली नदी से हो रहा रेत का अवैध परिवहन, वनकर्मियों पर आरोप; जानें
पहले चरण में यह होंगे काम
जागेश्वरधाम कॉरिडोर के पहले चरण में मौजूदा भवनों का नवीनीकरण होगा। टेंपल शॉप, कैंटीन, पार्किंग, विवाह मंडप, कथा हॉल और धर्मशाला बनेगी। किचन ब्लॉक, बावड़ी का जीर्णोद्धार, भजन हॉल और पूजा हॉल भी बनेंगे। बाहर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, फूड कोर्ट, संस्कृत स्कूल और छात्रावास बनेंगे। कई मंदिर बनाकर ऋषि-मुनियों की प्रतिमाएं स्थापित होंगी।
कविताओं से मंत्री ने पाकिस्तान को ललकारा
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को अपनी श्रद्धांजलि दी और देश के सैनिकों का उत्साह वर्धन किया। मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से पाकिस्तान को ललकारा और कहा जिस दिन हिंदुस्तान ने ठान लिया, उस दिन पाकिस्तान नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री भी धर्मेंद्र सिंह के जोश को देख गदगद हो गए और कहा कि आपने तो समा बांध दिया। कार्यक्रम में पंचायत विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, पशुपालन मंत्री लखन पटेल के साथ दमोह विधायक जयंत मलैया और सांसद राहुल सिंह की मौजूदगी रही।