सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर दमोह जिले के प्रसिद्ध श्री जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान के दर्शन के लिए सुबह तीन बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलने के बाद आरती हुई और श्रद्धालुओं ने भगवान जागेश्वरनाथ को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
दोपहर 12 बजे तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजता रहा।
दूर-दूर से पहुंचे कांवड़िए
सावन सोमवार और नागपंचमी के संयोग के चलते जबलपुर, कटनी, पन्ना, सागर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए बांदकपुर पहुंचे। कई कांवड़ियों ने भगवान जागेश्वरनाथ को जल अर्पित किया। सोमवार की सुबह से ही मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी।
ये भी पढ़ें- नितिन नवीन की नई टीम: मध्य प्रदेश से छह नेताओं को मिली जगह, एमपी से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ भी टीम में शामिल
सांसद राहुल सिंह ने पत्नी के साथ किए दर्शन
दमोह सांसद राहुल सिंह अपनी पत्नी के साथ सुबह बांदकपुर पहुंचे और भगवान जागेश्वरनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि सुबह करीब 2:30 से 4:30 बजे के बीच बड़ी संख्या में कांवड़िए धाम पहुंचे। सावन सोमवार और नागपंचमी का एक साथ पड़ना श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर है। सांसद ने बांदकपुर चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र मिश्रा का सम्मान भी किया। राजेंद्र मिश्रा को ट्रेन हादसे में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
एसपी ने अधिकारियों के साथ लिया व्यवस्थाओं का जायजा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम सौरभ गंधर्व और हटा एसडीओपी केपी सिंह के साथ बांदकपुर पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने भी बांदकपुर पहुंचकर मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
200 से अधिक पुलिसकर्मी, 100 से ज्यादा कैमरे
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। हटा एसडीओपी केपी सिंह के नेतृत्व में हिंडोरिया थाना सहित आसपास के थाना क्षेत्रों का पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा मेडिकल टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी मौके पर रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था
मंदिर प्रबंधक पंडित रामकृपाल पाठक ने बताया कि नागपंचमी और सावन सोमवार के संयोग के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रबंधन का प्रयास है कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। सुबह से ही मंदिर परिसर में लगी लंबी कतारों और लगातार बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन और पुलिस की टीमें व्यवस्थाओं में जुटी रहीं।

तीसरे सावन सोमवार पर जागेश्वरनाथ के दर्शन करते लोग- फोटो : credit