राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार को पुलिस कस्टडी में पोक्सो मामले में गिरफ्तार एक आरोपी द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला अपराध सेल कार्यालय में गला काटने की कोशिश की, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक परेशानियों के चलते यह कदम उठाने की बात स्वीकार की है।
महिला अपराध सेल के एएसपी प्रभुराम ने बताया कि महिला थाने में पॉक्सो का एक मामला दर्ज है, जिसमें आरोपी नरेश कुमार को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। रात में पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे थाने में रखा गया। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह उसका मेडिकल करवाया गया और घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। इसके बाद फिंगरप्रिंट सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए उसे कार्यालय लाया गया।
पढ़ें: कोटा मॉल हादसा: आग बुझी लेकिन संकट नहीं, सात दिन की बंदी से कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर संकट गहराया; जानें
इसी दौरान फिंगरप्रिंट प्रक्रिया के वक्त आरोपी ने पास पड़े एक छोटे लोहे के औजार से अपना गला काटने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़कर रोक लिया। इस घटना में आरोपी के गले पर हल्की चोट आई। एएसपी ने बताया कि युवक का स्वास्थ्य अब ठीक है। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।