जयपुर पूर्व जिले के कानोता थाना क्षेत्र में पुलिस ने क्षेत्रीय वर्चस्व (एरिया डोमिनेशन) अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा (IPS) के निर्देशन में 2 मई 2026 को यह विशेष अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना था। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल (RPS), सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार (RPS) और थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने ग्राम बगराना स्थित जे.डी.ए. फ्लैट्स में सघन चेकिंग की। जांच में सामने आया कि कई लोग बिना वैध दस्तावेज, किरायानामा या पुलिस को सूचना दिए वहां निवास कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने ऐसे 47 लोगों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें सोहिल नामक युवक के पास से एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया। वहीं अजय कुमार के कब्जे से 130 ग्राम गांजा मिला। एकता नगर बगराना में महिला कृष्णा देवी को 18 लीटर अवैध देशी हथकड़ शराब के साथ पकड़ा गया। इसी क्रम में त्रिलोक अस्पताल के पास आगरा रोड पर सट्टा खिलाने वाले ईशाक को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 520 रुपये और जुआ सामग्री बरामद हुई।
पढ़ें- ऑपरेशन म्यूल हंटर: नागौर में साइबर अपराध पर कड़ा प्रहार, 17 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, 21 ठग गिरफ्तार
पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया और विभिन्न अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।