NEET पेपर लीक विवाद को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को नागौर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के भविष्य से कथित खिलवाड़, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका गया। हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कलेक्ट्रेट के बाहर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
कांग्रेस के आह्वान पर नागौर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने लिया हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके चलते कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष हनुमान बांगड़ा, नेता मनीष मिर्धा सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
ये भी पढ़ें-
पाकिस्तान से ड्रोन में आती थी हथियारों की खेप: फुट सोल्जर करते थे रिसीव; भारत की इस जेल से जुड़ें हैं तार
'NEET पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित'
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से देशभर के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। नेताओं ने केंद्र सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि परीक्षा प्रणाली को निजी हाथों में सौंपने से पारदर्शिता प्रभावित हुई है।
पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, मामले के दोषी व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और ऐसे मामलों को लगातार उठाती रहेगी।
राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित बदसलूकी का भी मुद्दा उठाया। उनका आरोप था कि सत्ता पक्ष विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की सतर्कता से हालात सामान्य हो गए। कांग्रेस ने कहा कि यह प्रदर्शन देशभर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विरोध का हिस्सा है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों से युवाओं का भविष्य खतरे में है और जब तक परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाया जाता, छात्रों का आक्रोश कम नहीं होगा।