राजस्थान के डीडवाना में प्रशासन ने अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत 25 आपराधिक मामलों में नामजद हिस्ट्रीशीटर दिनेश स्वामी (वैष्णव) के अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की। नगर परिषद, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से सड़क पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दिनेश स्वामी के खिलाफ चोरी, लूट और छिनैती सहित 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में डीडवाना में दो महिलाओं से लूट की घटना के मामले में पुलिस ने उसके गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी ने सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण कर मकान का अवैध निर्माण कर रखा है।
इसके बाद नगर परिषद ने शुक्रवार को 24 घंटे का नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। नोटिस की अवधि समाप्त होने पर शनिवार को नगर परिषद, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची।
पढ़ें: : दौसा में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, मूसलाधार बारिश में भी झूमे श्रद्धालु
कार्रवाई के दौरान डीडवाना थाना, महिला थाना, खुनखुना थाना, मौलासर थाना तथा आरएसी के जवान तैनात रहे। प्रशासन ने लगभग पांच फीट के अवैध निर्माण को जेसीबी से हटाया। इस दौरान आरोपी के परिजनों ने विरोध जताया। हंगामे के बीच कुछ परिजनों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एंबुलेंस से बांगड़ जिला अस्पताल भेजा गया।
डीडवाना के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) जेठू सिंह ने बताया कि राज्य सरकार हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि दिनेश स्वामी के खिलाफ 25 मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश लूट से जुड़े हैं। नियमानुसार नोटिस देने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।
प्रशासन का कहना है कि आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त संदेश बताया।