प्रदेश के सबसे बड़े सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को कई बार वन्यजीवों के ऐसे रोमांचकारी नजारे देखने को मिलते हैं, जिन्हें देखकर वे खासा उत्साहित हो उठते हैं। ऐसा ही एक नज़ारा पर्यटकों को रणथंभौर के जोन नंबर 6 में देखने को मिला, जहां एक लेपर्ड ने अपने से दुगने वजन के एक चीतल को अपना शिकार बना डाला। इस दृश्य को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे।
चीतल का शिकार करते नजर आया लेपर्ड
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम की पारी में जब पर्यटक टाइगर सफारी के लिए रणथंभौर के जोन नंबर 6 में पहुंचे, तो उन्हें सोलेश्वर तिराहे के पास एक लेपर्ड चीतल का शिकार करते नजर आया। इस अद्भुत नज़ारे को देखकर पर्यटक वहीं ठहर गए और लेपर्ड को शिकार करते देखने लगे।
घात लगाए बैठे लेपर्ड ने अचानक किया हमला
बताया जा रहा है कि सोलेश्वर तिराहे के नजदीक एक चीतल पेड़ की छांव में बैठा हुआ था। तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया और अपने से दुगने वजनी चीतल की गर्दन दबोच ली। इस दौरान चीतल ने खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन लेपर्ड की मजबूत पकड़ के आगे उसकी एक न चली और अंततः वह शिकार बन गया।
पर्यटक हुए रोमांचित
लेपर्ड द्वारा किए गए इस शिकार के दृश्य को देखकर पर्यटक काफी रोमांचित नजर आए और पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें:
36 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्री, सहकर्मी निकला कातिल; पत्थर से उतारा मौत के घाट
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में 170 से अधिक लेपर्ड
गौरतलब है कि रणथंभौर में बाघों के साथ-साथ लेपर्ड की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। वर्तमान में यहां करीब 170 से अधिक लेपर्ड हैं, जिसके चलते टाइगर सफारी पर आने वाले पर्यटकों को लेपर्ड की साइटिंग भी खूब देखने को मिल रही है।