सीकर जिले के खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ एक ओर जहां आस्था का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर यह भीड़ अब सड़क हादसों का कारण बनती जा रही है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा शनिवार देर रात रींगस के पास हुआ, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- Udaipur News: पेसिफिक मेडिकल कॉलेज में छात्र से रैगिंग, मारपीट की गई, सांसद रावत ने एसपी को लिखा पत्र
पुलिस के अनुसार, चेतक एक्सप्रेस से कुछ श्रद्धालु खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए रींगस रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से आठ लोग एक टेंपो किराए पर लेकर खाटू की ओर रवाना हुए। लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद, करणी माता मंदिर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कैंपर गाड़ी ने टेंपो को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो असंतुलित होकर एक पेड़ से जा टकराया, जिससे उसमें सवार सभी आठ लोग घायल हो गए।
हादसे में टेंपो चालक नरेंद्र (38) निवासी अमरसर जिला जयपुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल रींगस में भर्ती कराया गया। वहां से पांच गंभीर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दिल्ली निवासी गुदंरा देवी ने भी दम तोड़ दिया। वह अपने परिजनों के साथ बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटू आई थीं।
यह भी पढ़ें- Jaisalmer News: पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पुलिस अलर्ट पर, बाहरी लोगों का कर रही वेरिफिकेशन
सुबह टेंपो चालक नरेंद्र के साथी और अन्य चालक अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। वहीं, गुदंरा देवी के परिजनों को सूचना दी गई है, जिनके आने के बाद महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।