{"_id":"6a7f4979baa709fbed0c78bf","slug":"video-bharaica-ma-nadayaja-lna-gae-parava-chhatara-ka-hathasa-ma-mata-navathaya-ka-chhatara-na-kaya-paratharashana-2026-08-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"बहराइच में नोड्यूज लेने गए पूर्व छात्र की हादसे में मौत, नवोदय के छात्रों ने किया प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बहराइच में नोड्यूज लेने गए पूर्व छात्र की हादसे में मौत, नवोदय के छात्रों ने किया प्रदर्शन
बहराइच में कीर्तनपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से नोड्यूज प्रमाणपत्र लेने आए पूर्व छात्र की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज से लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर विद्यालय पहुंचते ही वर्तमान छात्र आक्रोशित हो उठे। उन्होंने विद्यालय प्रशासन पर नोड्यूज प्रमाणपत्र के लिए बार-बार दौड़ाने का आरोप लगाते हुए विद्यालय गेट के सामने धरना शुरू कर दिया। छात्र डीएम को मौके पर बुलाने और जिम्मेदार शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर देर रात तक अड़े रहे।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के रनियापुर सिरसिया गांव निवासी सतीश कुमार (18) और उसका भाई नितीश कुमार (16) जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र हैं। दोनों वर्तमान में कानपुर में कोचिंग कर रहे थे। बताया गया कि दोनों भाई कानपुर में ही एक स्कूल में दाखिला लेना चाहते थे। इसके लिए उन्हें नवोदय विद्यालय से नोड्यूज प्रमाणपत्र की जरूरत थी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि नोड्यूज प्रमाणपत्र लेने के लिए दोनों भाई शुक्रवार को चौथी बार विद्यालय आए थे। उनका आरोप है कि विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका अनीता वर्मा प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर नहीं कर रही थीं। शुक्रवार को भी प्रमाणपत्र नहीं मिलने के बाद दोनों भाई बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान टिकोरा मोड़ के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
हादसे में दोनों भाई घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सतीश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सतीश की मौत की सूचना विद्यालय पहुंचते ही छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्रों का कहना है कि यदि नोड्यूज प्रमाणपत्र समय पर मिल गया होता तो सतीश को बार-बार विद्यालय नहीं आना पड़ता। छात्रों ने विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने हादसे के बाद घायल सतीश को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि मौके पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसका मोबाइल और अन्य सामान लेकर चली गई। बाद में छात्रों ने खुद ऑटो की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
छात्रों के धरने की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और डीएम को बुलाने की मांग कर रहे हैं। देर रात तक विद्यालय के मुख्य गेट के सामने छात्रों का धरना जारी रहा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।