Kidney Racket: दिल्ली का नर्सिंगहोम संचालक हिरासत में; आरोपियों के नेपाल भागने का इनपुट, गोरखपुर भेजी गई टीम
Kanpur News: कानपुर किडनी कांड में दिल्ली के एक नर्सिंगहोम संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका के चलते गोरखपुर में पुलिस टीम तैनात की गई है।
विस्तार
कानपुर शहर में अवैध तरीके से हुए किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में पुलिस ने शनिवार को दिल्ली के एक नर्सिंगहोम संचालक को उठाया है। उसके खिलाफ डॉ. रोहित के साथ जान पहचान होने के साक्ष्य मिले हैं। उससे एनसीआर क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है।
कमिश्नरी पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक डॉ. रोहित, डॉ. अफजल और मुदस्सर अली सिद्दीकी की तलाश तेज हो गई है। इसमें पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है, जो कि हर तरह के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अवैध तरह से हुए किडनी ट्रांसप्लांट के आरोपियों के तार एनसीआर के अलावा कई शहरों तक फैले हुए हैं।
सरकारी और निजी अस्पतालों में जाती थी एंबुलेंस
पुलिस उनकी कड़ियों को जोड़कर पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है। अब तक हुई जांच में मुख्य नाम डॉ. रोहित का आ रहा है। उसका एनसीआर के नर्सिंगहोम संचालकों और कई क्लीनिक में आना जाना था। उसकी कई एंबुलेंस संचालकों के साथ जानपहचान का पता चला है। यह एंबुलेंस सरकारी और निजी अस्पतालों में जाती थी।
अन्य आरोपियों की जुटाई जा रही है जानकारी
पुलिस एंबुलेंस चालकों पर भी नजर रखे हुए है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दिल्ली के एक नर्सिंगहोम संचालक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि पुलिस के सामने कई नाम आ रहे हैं। उनसे डॉ. रोहित और अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गोरखपुर भेजी गई टीम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के नेपाल भागने का अंदेशा है जिस पर एक टीम गोरखपुर और आसपास के जिले के लिए रवाना की गई है। इसमें गोरखपुर और सिद्धार्थनगर पुलिस से सहयोग लिया जा रहा है। तीनों आरोपी देश से कहीं बाहर न भाग सकें इसके लिए पहले ही लुक आउट नोटिस जारी किया जा चुका है। पुलिस इंटेलिजेंस ने आरोपियों के नेपाल भागने की रिपोर्ट दी है जिस पर एक टीम नेपाल के लिए रवाना की गई है।