Azamgarh News: पोखरे में युवक का उतराया सिर देख सनसनी, हत्या की आशंका; शिनाख्त में जुटी पुलिस
UP News: जिले में युवक की लाश मिलने की सूचना पाकर माैके पर देवगांव कोतवाली की पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मछलियों को चारा डालने के लिए पोखरे पर पहुंचे तो उन्हें पानी में एक व्यक्ति का सिर दिखाई दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ के लालगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पोखरे में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे डूबने से हुई मौत मानकर जांच कर रही है।
घटना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कटघर लालगंज स्थित मसीरपुर गांव में खाकी बाबा मंदिर के पास स्थित पोखरे की है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ स्थानीय लोग मछलियों को चारा डालने के लिए पोखरे पर पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में एक युवक के सिर पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव दिखाई दिया, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी लालगंज और लालगंज चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। उसने काले रंग की जींस और लाल रंग की बनियान पहन रखी थी। उसके दोनों कानों पर सफेद दाग थे। तलाशी के दौरान जेब से तंबाकू की एक पुड़िया भी बरामद हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक के सिर पर गहरे चोट के निशान थे, जिससे हत्या कर शव पोखरे में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
देवगांव थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही आसपास के थानों से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।