जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर भीम रेजिमेंट और अन्य संगठनों ने चिंता जताई है। इन संगठनों ने लोक निर्माण विभाग से प्रमुख सड़कों पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक बोर्ड भी लगाने को कहा गया है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता को सोमवार को एक ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई स्थानों पर स्कूल, बाजार, अस्पताल और आबादी क्षेत्र हैं। इसके बावजूद वहां स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।
इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। संगठनों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने से सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। इससे लोगों का जीवन सुरक्षित होगा।
संगठनों ने विशेष रूप से बलौदा क्षेत्र को दुर्घटना संभावित बताया है। उन्होंने कई खतरनाक मोड़ों और स्थानों का उल्लेख किया है। इनमें ग्राम बुढ़गहन का गुरु घासीदास चौक, ठगबहरा बांध, बिरगहनी मोड़, सराईसिंगार कोरबी मोड़ शामिल हैं। कर्रानाला मोड़, विशाल हरदी पगडंडी मोड़, डोंगरी मोड़ और खिसोरा नवापारा मोड़ भी चिन्हित किए गए हैं। भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे का चारपारा-बछौद क्षेत्र भी इसमें आता है। बुचीहरदी मेन सड़क, नीलकंठ पेट्रोल पंप के सामने भैंसतरा मोड़, तुस्मा बायपास और शिवरीनारायण क्षेत्र भी खतरनाक बताए गए हैं।
भीम रेजिमेंट के बिलासपुर संभाग के अध्यक्ष दीपक मनहर ने एक हालिया घटना का जिक्र किया। कुछ दिन पूर्व बलौदा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर पलटा था। इससे सड़क पर बाइक से जा रहे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि अंधे मोड़ के पास सांकेतिक चिन्ह और ब्रेकर न होने से यह घटना हुई। मांग पूरी न होने पर संबंधित कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी भी दी गई है।