जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने बड़े स्तर पर विशेष सत्यापन अभियान चलाया है। अभियान के दौरान पांच टीमों में शामिल 50 पुलिसकर्मियों ने गांवों, औद्योगिक क्षेत्रों और रेलवे स्टेशन के आसपास रह रहे बाहरी मजदूरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान 130 लोगों को पुलिस कंट्रोल रूम लाकर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और फिंगरप्रिंट भी लिए गए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कोतवाली पुलिस की पांच टीमों ने थाना क्षेत्र के बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा गांवों में किराये के मकानों में रह रहे बाहरी मजदूरों का सत्यापन किया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत करीब 150 मजदूरों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई।
ये भी पढ़ें: स्टाइपेंड बढ़ाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने मांगा 3 हफ्ते का समय: इंटर्न डॉक्टर बोले-मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी
अभियान के दौरान 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस कंट्रोल रूम लाकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पुलिस ने उनके आधार कार्ड सहित अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही भविष्य में अपराध नियंत्रण और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी के फिंगरप्रिंट भी लिए गए। पुलिस का कहना है कि बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थाने को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।