{"_id":"69e353b3fba7c3ba29048b6a","slug":"video-ashish-thakur-said-after-the-construction-of-the-four-lane-business-has-been-completely-affected-2026-04-18","type":"video","status":"publish","title_hn":"Video: आशीष ठाकुर बोले- फोरलेन बनने के बाद हुआ है व्यापार पूरी तरह प्रभावित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Video: आशीष ठाकुर बोले- फोरलेन बनने के बाद हुआ है व्यापार पूरी तरह प्रभावित
फोरलेन मार्ग शहर के दूसरे छोर से गुजर जाने के बाद बिलासपुर के स्थानीय व्यापार पर गहरा असर पड़ा है और व्यापारी वर्ग लंबे समय से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। यह बात हिमकोफेड निदेशक आशीष ठाकुर ने बिलासपुर में व्यापार, रोजगार और खेल विकास को लेकर व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पहले जब राष्ट्रीय राजमार्ग शहर के बीच से होकर गुजरता था, तब मनाली की ओर जाने वाले पर्यटक और यात्री बिलासपुर में रुकते थे, जिससे होटल, ढाबों, दुकानों और अन्य व्यापारिक गतिविधियों को सीधा लाभ मिलता था। लेकिन फोरलेन बनने के बाद यह यातायात शहर से बाहर हो गया, जिसका सीधा असर स्थानीय बाजारों की रौनक पर पड़ा है। आशीष ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी वर्ग लगातार मंदी से जूझ रहा है और बाजारों में पहले जैसी चहल-पहल नहीं रही। छोटे व्यापारियों की आय में गिरावट आने से उनकी आजीविका भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि बिलासपुर शहर के दो किलोमीटर के दायरे में कोई बड़ा शैक्षणिक, औद्योगिक या विकासात्मक संस्थान स्थापित किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि ऐसे संस्थान की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने लुहणू खेल मैदान के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि सतलुज नदी के किनारे स्थित लुहणू मेला ग्राउंड को ऊपर स्थित हॉकी स्टेडियम के साथ एकीकृत कर विकसित किया जाए तो यह एक विशाल और अत्याधुनिक खेल परिसर बन सकता है। कहा कि इस तरह का एकीकृत खेल परिसर तैयार होने पर यह न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे देश में प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल हो सकता है। इससे खेल गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना समय की आवश्यकता है। इससे एक ओर जहां खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनने से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी मदद मिलेगी और उनका ध्यान खेलों की ओर आकर्षित होगा। प्रदेश सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है और माइनिंग फंड जैसे स्रोतों का उपयोग कर इस तरह के बड़े प्रोजेक्ट आसानी से पूरे किए जा सकते हैं। बताया कि इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और बिलासपुर में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करने की औपचारिक मांग रखेगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।