{"_id":"6a4ddd540ede54c7a90ebfb1","slug":"video-mandi-padhar-highway-ready-ahead-of-schedule-rs-545-crore-nh-project-near-completion-2026-07-08","type":"video","status":"publish","title_hn":"Mandi News: समय से पहले तैयार हुआ मंडी-पधर हाईवे, 545 करोड़ की परियोजना से 25 मिनट में पूरा होगा सफर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mandi News: समय से पहले तैयार हुआ मंडी-पधर हाईवे, 545 करोड़ की परियोजना से 25 मिनट में पूरा होगा सफर
Ankesh Dogra
Updated Wed, 08 Jul 2026 11:16 AM IST
Link Copied
हिमाचल प्रदेश के मंडी और पधर के बीच बनने वाला 545 करोड़ रुपये का राष्ट्रीय राजमार्ग अपने तय समय से पहले लगभग तैयार हो गया है। सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस 19 किलोमीटर लंबे हाईवे पर अंतिम सुरक्षा परीक्षण चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से मंजूरी मिलते ही इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
एनएचएआई के अनुसार इस परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समय से करीब पांच महीने पहले अंतिम चरण में पहुंच गया है। फिलहाल एक पुल पर अंतिम स्लैब डालने का कार्य जारी है, जबकि पूरे मार्ग का तकनीकी और सुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण में किसी प्रकार की कमी मिलने पर उसे दूर करने के बाद ही हाईवे को यातायात के लिए खोला जाएगा।
यह परियोजना पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंडी से पधर तक का 19 किलोमीटर लंबा मार्ग एनएचएआई की मंडी इकाई के तहत विकसित किया गया है, जबकि पधर से पठानकोट तक के शेष हिस्से का निर्माण पालमपुर इकाई कर रही है। उस खंड में कई स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है।
नया हाईवे बनने से मंडी और पधर के बीच की दूरी करीब 23 किलोमीटर से घटकर 19 किलोमीटर रह जाएगी। यानी यात्रियों को लगभग पौने चार किलोमीटर कम सफर तय करना होगा। सबसे बड़ा लाभ यात्रा समय में होगा। पहले जहां मंडी से पधर पहुंचने में करीब एक घंटा लगता था, वहीं अब यह सफर करीब 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
12 मीटर चौड़े इस आधुनिक हाईवे पर कुल 24 छोटे-बड़े पुल, जिनमें पांच बड़े पुल शामिल हैं, बनाए गए हैं। बरसात के मौसम में भी यह मार्ग पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम रहेगा। चौड़ी सड़क और कम घुमावदार मोड़ों से वाहन चालकों को बेहतर ड्राइविंग अनुभव मिलेगा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि सुरक्षा मानकों की पूरी जांच की जा रही है। एक पुल का अंतिम कार्य अगले दस दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद एनएचएआई की स्वीकृति मिलते ही हाईवे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
नई सड़क के शुरू होने से न केवल स्थानीय लोगों और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि मंडी, पधर और कांगड़ा क्षेत्र में पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग सेना की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।