मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त टीम ने तुकेंडा हल्का के पटवारी हिमांशु तोमर को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पटवारी जमीन के सीमांकन के एवज में फरियादी से रिश्वत की मांग कर रहा था। फरियादी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी। शिकायत में बताया गया कि सीमांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बदले पटवारी पैसे मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
पढ़ें: कटनी में पुलिस पर बर्बरता के आरोप, टीआई समेत पुलिसकर्मियों पर मारपीट का मामला
बुधवार को तय योजना के तहत फरियादी मालनपुर क्षेत्र स्थित कैडबरी फैक्टरी के पास पहुंचा। यहां जैसे ही फरियादी ने आरोपी पटवारी को तय 6 हजार रुपये की रिश्वत दी, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम भी जब्त कर ली। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी लोकायुक्त विनोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि गांव निवासी रामवीर सिंह चौहान से पटवारी हिमांशु तोमर ने पहले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में दोनों के बीच 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। बुधवार को फरियादी द्वारा 6 हजार रुपये की रकम दी जा रही थी, तभी लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। जैसे ही पटवारी ने केमिकल लगे नोट हाथ में लिए, टीम ने उसे हिरासत में लेकर हाथ धुलवाए और आगे की कार्रवाई शुरू की।