शहर में पेट्रोल संकट अब विकराल रूप लेता जा रहा है। हालात यह हैं कि पेट्रोल पंपों के बाहर आधा-आधा किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग रही हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों की भीड़ उमड़ रही है और वाहन चालकों को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। कई जगहों पर अव्यवस्था के चलते सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए हैं।
तीन दिन से बिगड़ी स्थिति, पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के हालात
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से पेट्रोल की उपलब्धता लगातार घटती जा रही है। कई पेट्रोल पंपों पर बीच-बीच में ‘नो स्टॉक’ की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। कुछ पंपों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर, सप्लाई चेन प्रभावित
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति और परिवहन प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर देश के विभिन्न हिस्सों में पेट्रोल सप्लाई पर पड़ रहा है, जिसका असर अब पांढुर्णा जैसे शहरों में भी साफ दिख रहा है।
ये भी पढ़ें- पेट्रोल पंपों पर लगी लाइनें, प्रशासन ने कहा पर्याप्त स्टॉक, अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की नजर
डर से बढ़ी मांग, जरूरत से ज्यादा भरवा रहे लोग
स्थिति को लेकर लोगों में असमंजस और डर का माहौल है। इसी के चलते कई लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं। वाहन चालक एक बार में 1000 से 2000 रुपए तक का पेट्रोल डलवा रहे हैं, जिससे कृत्रिम मांग बढ़ गई है और संकट और गहरा गया है।
पंप संचालक बोले—टैंकर देरी से पहुंच रहे
पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक, सप्लाई टैंकर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। पहले जहां रोजाना नियमित आपूर्ति होती थी, वहीं अब देरी और अनियमितता के कारण स्टॉक बनाए रखना मुश्किल हो रहा है। संचालकों का कहना है कि जैसे ही सप्लाई सामान्य होगी, हालात भी सुधर जाएंगे।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से संयम की अपील
प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंपों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और सप्लाई सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में पेट्रोल का अनावश्यक भंडारण न करें और शांति बनाए रखें।
आमजन परेशान, रोजमर्रा की जिंदगी पर असर
पेट्रोल संकट का असर अब आमजन की दिनचर्या पर भी पड़ने लगा है। कामकाजी लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। अगर जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

पेट्रोल पंप के बाहर खड़े लोग