कटनी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर जिले में हुए दो बड़े सड़क हादसों में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। पहले मझगंवा फाटक के पास बस और हाइवा की भीषण भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हुई थी तो वहीं अब स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के तेवरी गांव में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार 2 युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हो रहे हादसों ने जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तेवरी में मृतक संतोष सेन और चंदू आदिवासी, निवासी ग्राम घुघरा, बाइक से तेवरी से बिहारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद पिकअप वाहन सड़क किनारे जा लगा जबकि चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
28 घायलों का उपचार जारी
इससे पहले कुठला थाना क्षेत्र के मझगंवा फाटक के पास यात्रियों से भरी बस और तेज रफ्तार हाइवा के बीच भीषण टक्कर हुई थी। इस हादसे में हाइवा चालक और क्लीनर सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई थी जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में बचे 28 घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। बता दे सड़क हादसे की सूचना मिलते ही खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, कलेक्टर आशीष तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना था।
ये भी पढ़ें-
एमपी पुलिस पर बड़ा एक्शन: दो टीआई समेत 100 पुलिसकर्मियों पर FIR, कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ मामला
सांसद वीडी शर्मा ने दिए निर्देश
वहीं, बस-हाइवा हादसे के बाद सांसद वीडी शर्मा ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने सड़क पर मौजूद गड्ढों को 24 घंटे के भीतर भरने, आवश्यक स्थानों पर रोड डायवर्ट करने, बड़े संकेतक बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा दीवार और रोड डिवाइडर निर्माण के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।