कटनी में एक बार फिर पुलिस पर बर्बरता के आरोप लगे हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां माधवनगर थाना प्रभारी (टीआई) पर पुलिसिया दबंगई दिखाने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पैसों के लेन-देन के विवाद को खत्म कराने के दबाव में टीआई ने एक आरक्षक के साथ मिलकर पति-पत्नी के साथ मारपीट की। एसपी कार्यालय पहुंचे गोविंद इदनानी ने माधवनगर टीआई संजय दुबे और आरक्षक बैच नंबर 558 पर मारपीट, अभद्रता और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद पीड़िता आकांक्षा उर्फ काव्या इदनानी अपने पति और ससुर के साथ शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंची थीं। पीड़िता का आरोप है कि रवि और महेश नामक व्यक्ति भाजपा से जुड़े प्रकाश आहूजा के करीबी हैं और उनके इशारे पर माधवनगर टीआई संजय दुबे अपने थाना क्षेत्र से बाहर कोतवाली इलाके में पहुंचे और आरक्षक के साथ मिलकर उनके परिवार की बेरहमी से पिटाई की।
पढ़ें: गैंगस्टर अब्दुल रज्जाक को हाईकोर्ट से झटका, बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका खारिज; तीन बार लगा था NSA
पीड़ित गोविंद इदनानी का कहना है कि प्रकाश आहूजा की राजनीतिक पकड़ के कारण माधवनगर पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। गोविंद और उनकी पत्नी आकांक्षा इदनानी ने एसपी अभिनय विश्वकर्मा को मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रवि, पंकज इदनानी, महेश मनचंदानी समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ ही अभद्रता की।
पीड़िता आकांक्षा का कहना है कि बाद में उन्हें थाने ले जाकर डराया-धमकाया गया और शिकायत वापस नहीं लेने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। महिला ने इस मामले की शिकायत महिला आयोग और पुलिस मुख्यालय को भी भेजी है तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। वहीं, पूरे मामले में कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।