खंडवा में एक पुलिस जवान के आत्महत्या करने का बड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शहर के पदम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनसान क्षेत्र में एक पेड़ पर बंधे गमछे से जवान का शव शुक्रवार को लटका मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा बना, पेड़ से उतार कर पोस्टमार्टम रूम तक पहुंचाया। इधर दोपहर बाद जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों के अनुसार मृतक जवान बड़वानी जिले के ग्रामीण अंचल के रहने वाला था, जो कि रीवा जिले के थाने में पदस्थ था। बीते चार दिनों से वह छुट्टी लेकर घर के लिए निकला था। इस दौरान उसका मोबाइल भी बंद था। हालांकि उसने आत्महत्या के पूर्व अपने एक परिजन को खुद के परेशान होने की बात बताई थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की तैयारी कर रही है, एवं मर्ग कायम मर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हाल ही में हुई थी सगाई, तीन दिन से थे लापता
इधर जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के बड़े भाई धुमसिंह नरगावे ने बताया कि उनका भाई अनसिंह नरगावे पिता भीमसिंह नरगावे (24) बड़वानी जिले के मोरानी गांव के रहने वाले थे। वे करीब चार साल से रीवा जिले के गढ़ थाना में कांस्टेबल के पद पर थे। हाल ही में उनकी सगाई जुलवानिया निवासी एक युवती से हुई थी। ससुराल में ही एक विवाह समारोह में शामिल होने वे पांच तारीख को पांच दिन की छुट्टी लेकर घर के लिए निकले थे, लेकिन तब से ही उनका फोन बंद था।
ये भी पढ़ें- बंगाल में भाजपा में कैसे पलटी बाजी, इंदौर से गए कार्यकर्ता ने बताए वो 5 कारण जो आप नहीं जानते
वॉट्सएप पर बताया, मैं बड़ा परेशान हूं
खरगोन कोतवाली थाने में एसआई के पद पर पदस्थ मृतक के चचेरे भाई दीवान नरगावे ने बताया कि, भाई के गुमशुदा होने पर उन्होंने लगातार रीवा में साथी पुलिस जवानों से जानकारी जुटाई। साथ ही साइबर के जरिये लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश भी की। इस दौरान कुछ पलों के लिए उनका मोबाइल चालू हुआ था, जिसकी लोकेशन भोपाल के हबीबगंज की निकली। तब से ही वे लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश में जुटे थे। साथ ही वॉट्सएप के जरिये उन्हें मैसेज भेज रहे थे। तभी गुरुवार देर रात मोबाइल चालू कर उन्होंने सिर्फ मैसेज कर बताया कि वो बहुत परेशान थे और खंडवा में हैं। इसके बाद शुक्रवार सुबह उनके गमछे से पेड़ पर फांसी लगी होने की जानकारी मिली। फिलहाल वे किस बात को लेकर परेशान थे इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।