नर्मदपुराम जिले के इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें जयपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17020) में सफर कर रही मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब दोनों पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरी थीं और अचानक ट्रेन चल पड़ी, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
हैदराबाद निवासी हबीबा बेगम (36) अपनी 18 वर्षीय बेटी फराना बेगम के साथ अजमेर दरगाह दर्शन के लिए जा रही थीं। उनका आरक्षण S-6 कोच में था। इटारसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद दोनों पानी लेने के लिए प्लेटफार्म पर उतरी थीं, लेकिन इसी दौरान ट्रेन को आगे बढ़ने का सिग्नल मिल गया और वह अचानक चल पड़ी।
ये भी पढ़ें- ये कैसा लालच: आशा कार्यकर्ता ने दो लाख में बेच दिया, नाबालिग ने 15 साल बाद लौटकर सुनाई रुला देने वाली हकीकत
ट्रेन के चलते ही दोनों घबरा गईं और जल्दबाजी में वापस चढ़ने की कोशिश करने लगीं। इसी दौरान हबीबा बेगम का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म व रेलवे ट्रैक के बीच गिर गईं, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, घबराहट में बेटी फराना भी चलती ट्रेन से नीचे कूद गई, जिससे उसके सिर में भी गंभीर चोटें आई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोका और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रधान आरक्षक सचिन मलिक, राजेश यादव और आरक्षक हर प्रताप सिंह परमार ने अन्य कर्मचारियों की मदद से राहत कार्य किया और घायलों को स्टेशन पर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में पास के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस बीच इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में हादसे का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की है।