नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरकोला में रविवार की रात एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस हिंसक झड़प में दो लोगों की जान चली गई है, जबकि बीच-बचाव करने आए दूल्हे के चाचा और एक पुलिस आरक्षक समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
नशे की हालत में आए पिता-पुत्र ने मचाया तांडव
घटना के अनुसार, नाहरकोला गांव में रामनारायण के भतीजे की शादी का जश्न चल रहा था। इसी दौरान गांव का ही अमर सिंह कीर नशे की हालत में वहां पहुंचा और खाने को लेकर विवाद करने लगा। उस समय लोगों ने भीड़ का हवाला देकर उसे समझा-बुझाकर घर भेज दिया था। लेकिन कुछ ही देर बाद वह अपने बेटे लोकेश कीर के साथ दोबारा कार्यक्रम में आ धमका। इस बार अमर सिंह के हाथ में डंडा और बेटे लोकेश के पास धारदार चाकू था।
चाकूबाजी में दो की मौत, कई घायल
आरोपियों ने आते ही हमला शुरू कर दिया। जब दूल्हे के चाचा हरिनारायण ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो लोकेश ने उन पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने आए दौलत कीर, रामनारायण, जयनारायण और क्षमा कीर भी हमले का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल दौलत कीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं जयनारायण कीर की भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
आरोपी को पकड़ने गए आरक्षक पर भी किया वार
रात करीब 1 बजे जब शिवपुर पुलिस टीम थाना प्रभारी केएन रजक के नेतृत्व में मौके पर पहुंची, तो आरोपी भागने लगे। पीछा करते समय आरक्षक ओम जाट ने अमर सिंह को दबोच लिया, लेकिन आरोपी ने आरक्षक पर भी चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरक्षक के पेट, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
पढ़ें: 11 साल के मासूम का बेरहमी से कत्ल, घर के नीले ड्रम में छिपाया हुआ था शव; पूरे इलाके में दहशत
मुख्य आरोपी फरार, 20 हजार का इनाम घोषित
एएसपी अभिषेक राजन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अमर सिंह कीर को हिरासत में ले लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी लोकेश कीर अब भी फरार है। पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपी लोकेश पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।