नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगभग 75 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि लूट की साजिश में होटल का कर्मचारी ही मास्टरमाइंड निकला।
मामला तीन फरवरी 2026 की रात करीब 2:30 बजे का है, जब नरसिंहपुर नगर स्थित होटल कुमुम वैली के कर्मचारियों ने कोतवाली थाना पहुंचकर सूचना दी कि 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने होटल में जबरन घुसकर लगभग 75 से 80 लाख रुपये की नगदी लूट ली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुबह करीब 4 बजे पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के साथ स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे, स्टेशनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पटेल, उप निरीक्षक मूलचंद यादव, उप निरीक्षक मनीष मरावी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- NHAI में कार अटैच कराने का झांसा देकर 50 गाड़ियां हड़पीं, डेढ़ करोड़ की 15 लग्जरी गाड़ियां बरामद
कैमरे देख पुलिस को हुआ शक
जांच के दौरान घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। लूट के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज और होटल कर्मचारियों का नकली ड्रामा देखने में आया। कड़ी पूछताछ में होटल के रात्रिकालीन मैनेजर चंद्रेश रजक ने लूट की साजिश में अपनी सहभागिता स्वीकार की। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल कर्मचारी अनुज कुमार को होटल में रखी बड़ी नगदी की पूर्व जानकारी थी। लालच में आकर उसने यह जानकारी चंद्रेश रजक और राकेश शुक्ला को दी। इसके बाद मोनू उर्फ टूईया वंशकार सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई गई और वारदात को अंजाम दिया गया।
चार गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चंद्रेश रजक, निवासी यादव कॉलोनी नरसिंहपुर, राकेश कुमार शुक्ला, निवासी लखीमपुर खीरी (उ.प्र.), हाल नरसिंहपुर, अनुज कुमार वाल्मीकि, निवासी लखीमपुर खीरी (उ.प्र.), हाल नरसिंहपुर, मोनू उर्फ टूईया वंशकार, निवासी रिपटा पार नरसिंहपुर शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अब तक लगभग 66 लाख रुपये की नगदी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 309(6) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।