राजगढ़ जिले के मुख्यालय के बायपास रोड पर स्थित अंजनीलाल मंदिर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर में विराजमान शीतला माता और पार्वती माता की प्रतिमाओं के चांदी के आभूषण चुरा लिए। यह आभूषण भक्तों की ओर से दान किए गए थे। हालांकि, चोरी की घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। लेकिन, चोर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कैमरे के सामने पोस्टर की आड़ का इस्तेमाल किया, जिससे उसका चेहरा नहीं दिखाई दिया। चोरी के इस अनोखे तरीके का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अंजनीलाल मंदिर पर चोरों ने धावा बोला और प्रतिमाओं के चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर प्रबंधन ने राजगढ़ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलने के बाद एडिशनल एसपी, एसडीओपी, और कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में चोर कैमरे के फोकस एंगल को छिपाने के लिए पोस्टर लेकर चलता नजर आ रहा है, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि चोरों ने मंदिर से लगभग 20 से 25 हजार रुपये के चांदी के जेवर चुरा लिए हैं। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ नकबजनी और चोरी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस टीम घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए लगातार प्रयासरत है। हालांकि, चोर की शातिर चालों के कारण यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।