सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ा में क्रेशर खदान के गहरे पानी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। करीब 16 घंटे तक चले भारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने तीनों युवकों के शवों को बरामद कर लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
दोस्त को बचाने के चक्कर में डूबे तीनों साथी
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सात दोस्त खदान में नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाने के दौरान तनिश कोरी (19) अचानक गहरे पानी में जाने लगा और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अभिषेक उर्फ अध्धा (20) ने पानी में छलांग लगा दी। जब दोनों संघर्ष करने लगे, तो उन्हें बचाने के लिए तीसरा दोस्त तेजराम पटेल (20) भी कूद गया। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में समा गए। मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने शोर मचाया और बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
एसडीआरएफ की टीमों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। SDRF की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त गोताखोरों और SDRF की टीमों को बुलाया गया। रात भर चले सर्च ऑपरेशन के बाद पहले अभिषेक का शव मिला, और रविवार सुबह बाकी दो अन्य युवकों के शव भी बरामद कर लिए गए।
ये भी पढ़ें- Success Story: रीवा के सौरभ बने इसरो में वैज्ञानिक, चंद्रयान-दो के प्रक्षेपण को देख तय किया था लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मिलेगी चार-चार लाख की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, सागर जिले के बहेरिया क्षेत्र में युवकों के डूबने की खबर अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल प्रदान की जाए।
क्षेत्र में मातम का माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे कैंट और बहेरिया क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।