शहडोल जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन में रविवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास साइडिंग में खड़ी एक इंजीनियरिंग रेल पथ ट्रैक मशीन की बोगी में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई, हालांकि समय रहते राहत दल के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के साइडिंग ट्रैक पर चार कोच वाली वर्कशॉप कम रेस्ट फॉर ट्रैक मशीन खड़ी थी। इसी दौरान इनमें से एक कोच, जिसका नंबर ईसीओ 994129 बताया जा रहा है, उसमें अचानक अज्ञात कारणों से रविवार दोपहर आग भड़क उठी। घटना के समय बोगी के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और उसे फैलने से रोक लिया। यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पास खड़ी अन्य बोगियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
पढ़ें: टीकमगढ़ में हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी से नाराज होकर प्रेमिका टावर पर चढ़ी, चार घंटे समझाने के बाद उतरी नीचे
मौके पर थाना प्रभारी जिया उल हक भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं ब्यौहारी आरपीएफ चौकी प्रभारी गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के समय ट्रैक स्टाफ कार्य के लिए बाहर गया हुआ था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि ब्यौहारी रेलवे स्टेशन जबलपुर मंडल के अंतर्गत आता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है।