शिवपुरी में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। खनियाधाना के कफ़ार और पिछोर के दविया कला के बाद अब चमरौआ गांव की महिलाओं ने भी शराब माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिलाओं ने गांव में संचालित एक कथित अवैध शराब की दुकान पर पहुंचकर वहां रखी शराब की बोतलों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। इसकी शिकायत कई बार प्रशासन और आबकारी विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से गांव के कई परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद हो रहे हैं। आए दिन घरेलू विवाद, मारपीट और परिवारों में तनाव की घटनाएं बढ़ रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि जब जिम्मेदार विभागों ने उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया तो उन्होंने खुद ही कार्रवाई करने का निर्णय लिया। बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर दुकान पर पहुंचीं और वहां रखी शराब की बोतलों को सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
चमरौआ की यह घटना जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे जनआंदोलन का हिस्सा मानी जा रही है। इससे पहले खनियाधाना के कफ़ार और पिछोर के दविया कला गांव में भी महिलाओं ने इसी तरह अवैध शराब के कारोबार का विरोध किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अब नशे के खिलाफ खुलकर मैदान में उतर रही हैं।
ये भी पढ़ें- किसानों का भोपाल में प्रदर्शन हुआ उग्र: पांच मांगों पर दिया अल्टीमेटम; CM हाउस घेरने की तैयारी; देखें तस्वीरें
फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से इस घटना और महिलाओं के आरोपों को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि इस विरोध प्रदर्शन के बाद अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करता है।