सीधी जिले के मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम डाड़ी और हड़बड़ो में मंगलवार को दो परिवारों के 9 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। बीमार हुए सभी लोगों ने सरसों के तेल से बनी पूड़ी और सब्जी खाई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
बीमारों में यादव और सोनी परिवार के सदस्य शामिल हैं। यादव परिवार के राजरखन यादव, रवेंद्र यादव, सुमन यादव, इंद्ररानुआ यादव और शकुंतला यादव ने खाने के कुछ ही देर बाद पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की। सोनी परिवार के मोनू सोनी, श्यामकली सोनी, विद्या सोनी और निधि सोनी की भी हालत बिगड़ गई।
परिजनों ने तुरंत सभी को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी ने बताया कि सभी लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए हैं। सभी की हालत फिलहाल स्थिर है, उनका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवारों ने सरसों का तेल गुप्ता किराना स्टोर से खरीदा था, जिसकी मालकिन कुसुम कली गुप्ता हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब यह जांच कर रही है कि तेल मिलावटी था या नहीं। सैंपल लेकर लैब टेस्ट के लिए भेज दिए गए हैं।