टीकमगढ़ जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दमोह जिले से आए एक प्रेमी युगल ने जहर खा लिया और मदद के लिए कोतवाली पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दमोह निवासी दीपेश सेन अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ शनिवार रात टीकमगढ़ कोतवाली पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के प्रेम संबंधों को लेकर लड़की के परिजनों ने दमोह में पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया था। इसी तनाव के चलते प्रेमी युगल ने कथित रूप से जहर खा लिया और सीधे टीकमगढ़ कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि शनिवार रात दोनों युवक-युवती उनके पास पहुंचे थे।
बातचीत के दौरान पता चला कि दोनों ने जहर खा लिया है और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए दोनों को तुरंत टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।समय रहते उपचार मिलने के कारण दोनों की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। वहीं घटना की सूचना तुरंत दमोह पुलिस को भी दे दी गई थी। सूचना मिलने के बाद दमोह पुलिस टीम रात में ही टीकमगढ़ पहुंच गई और पूरे मामले की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें- Live Indore Rang Panchami 2026 live: राजवाड़ा पहुंची संस्था सृजन की गेर, बाबा महाकाल की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
पुलिस के अनुसार युवती नाबालिग है और उसके परिजनों द्वारा पहले ही दमोह में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी मामले के चलते दोनों घर से निकलकर टीकमगढ़ पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों की निगरानी में इलाज के बाद जब दोनों की स्थिति सामान्य हो गई, तब रविवार सुबह दमोह पुलिस उन्हें अपने साथ वापस ले गई। फिलहाल दमोह पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं टीकमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों की जान बच सकी।