टीकमगढ़ के बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राखड़ से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक सागर हाईवे रोड पर सरदार सिंह पार्क के पास अनियंत्रित होकर बाइक सवार दो युवकों पर चढ़ गया। हादसे में 30 वर्षीय शंकर अहिरवार निवासी बेसा टपरियन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार धर्मेन्द्र अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक अंतोरा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि एक युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बड़ागांव पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला। वहीं, घायल धर्मेन्द्र अहिरवार को डायल-112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें- डेढ़ घंटे में हुई ट्रिपलेट डिलीवरी: सतना में सात माह की गर्भवती ने तीन बेटियों को दिया जन्म, तीनों का वजन कम
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
बड़ागांव थाना प्रभारी जयंत गोयल ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को जप्त कर लिया गया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।