मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती अपनी मां की स्मृतियों को समर्पित एक विशेष पदयात्रा रविवार दोपहर से शुरू की हैं। यह यात्रा केवल एक धार्मिक-सांस्कृतिक पहल ही नहीं, बल्कि उनके पारिवारिक इतिहास से जुड़ा एक भावुक अध्याय भी है। उमा भारती ने बताया कि यह यात्रा उसी मार्ग से निकाली जा रही है, जिस रास्ते से कभी उनकी मां अपने मायके गररोली गांव से ससुराल डूंडा तक पैदल जाया करती थीं। इस ऐतिहासिक और भावनात्मक पथ को पुनर्जीवित करते हुए उनका उद्देश्य मां के संघर्ष, संस्कार और स्मृतियों को नमन करना है।
यात्रा का शुभारंभ गररोली गांव से हुआ। दो दिनों की इस यात्रा के दौरान वह लगभग 15 गांवों से होकर गुजरेंगी। इनमें सूरजपुर, देवरा, बनेरा, लखेरी, बुडेरा, रामनगर, दरगाय और बड़ागांव जैसे महत्वपूर्ण गांव शामिल हैं। पदयात्रा 2 दिसंबर को उनके पैतृक गांव डूंडा में पहुंचेगी, जहां भव्य समापन, जनसभा और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उमा भारती का कहना है कि यह यात्रा उनके जीवन के उन मूल्यों को पुनर्स्थापित करने का प्रयास है, जिन्हें उन्होंने अपनी मां से सीखा और जो आज भी उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन की दिशा तय करते हैं।
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक इस यात्रा को एक अलग नजरिए से भी देख रहे हैं। उनका मानना है कि यात्रा का मार्ग उस क्षेत्र से गुजर रहा है, जहां उनके भतीजे राहुल सिंह को पिछले विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। यह वही खरगापुर क्षेत्र है, जिसे भाजपा दोबारा मजबूत करने की कोशिश में है। ऐसे में उमा भारती की यह भावनात्मक यात्रा राजनीतिक जमीन को पुनः तैयार करने का साधन भी बन सकती है। ग्रामीण इलाकों में बढ़ते संपर्क और जनता से सीधा संवाद चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।
ये भी पढ़ें- टीकमगढ़ में तिहरा हत्याकांड: जमीन विवाद में चले हथियार, तीन भाइयों को उतारा मौत के घाट, परिजनों को भी पीटा
इधर टीकमगढ़ विधानसभा से कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह ने यात्रा का स्वागत करते हुए हल्का तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि “लंबे समय बाद उमा जी को टीकमगढ़ की याद आई हैं, फिर भी हम उनकी यात्रा का सम्मान करते हैं।” यादवेंद्र सिंह के बयान ने राजनीतिक माहौल को और भी रोचक बना दिया है।
कुल मिलाकर, उमा भारती की यह ‘मां के नाम पदयात्रा’ एक ओर जहां मातृ-सम्मान की पवित्र भावना लिए है, वहीं दूसरी ओर यह बुंदेलखंड की राजनीति में नए संदेश और नए समीकरणों की आहट भी देती दिखाई देती है।