उज्जैन पुलिस नशा और तस्करी से जुड़े गिरोह पर सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसा करने वालों के खिलाफ एसपी प्रदीप शर्मा ने ठोस कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है। इसीक्रम में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नानाखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस को मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक GJ17UU9877 में अवैध बीयर भरकर निनोरा टोल से होते हुए इंदौर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निनोरा टोल के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से 900 पेटी MOUNTS 6000 बीयर (21,600 कैन) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 10,800 बल्क लीटर है। जब्त बीयर की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 55 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल जब्ती करीब एक करोड़ रुपये की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक रवि पुत्र जुबान सिंह चौहान (22 वर्ष) और उसके साथी कमल पुत्र सुरसिंह गुजरिया (26 वर्ष), निवासी ग्राम आमसिंह की चौकी, थाना अलीराजपुर, जिला अलीराजपुर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब और वाहन जब्त कर थाना नानाखेड़ा में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- MP Boat Tragedy: हादसे के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, महिला का आरोप- मदद नहीं, सीधे बिल थमाए
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। इससे पहले 16 अप्रैल 2026 को भी नानाखेड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 44 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, दो लग्जरी वाहन और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की थीं। उस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और करीब 50 लाख रुपये की जब्ती हुई थी। इस कार्रवाई से इंदौर-उज्जैन-गुजरात तक फैले शराब तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ था।