महाकाल थाना क्षेत्र के एक कथावाचक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। चारधाम मंदिर, जयसिंहपुरा निवासी रामस्वरूप ब्रह्मचारी ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामस्वरूप ब्रह्मचारी ने अपनी शिकायत में बताया कि 27 मार्च 2026 को राम नवमी के अवसर पर हैदराबाद में निकली शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने उद्बोधन दिया था। इस दौरान उन्होंने लव जिहाद, धर्मांतरण और गौ हत्या जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे थे और इनके खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी।
ये भी पढ़ें- 'क्रूज डूबने लगा तब दी लाइफ जैकेट', हादसे में अपनों को खो चुके लोगों ने बताई हकीकत
बताया गया कि इस कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और गंगोत्री धाम के संत अद्वैतानंद गिर महाराज सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे। इस मामले मे उद्बोधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कुछ लोग कथावाचक को निशाना बनाने लगे। शिकायत के अनुसार, इंस्टाग्राम आईडी @dr_taha_cheemaa सहित अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरे पोस्ट सामने आए है। आवेदन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि उक्त आईडी से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही सर तन से जुदा करने जैसी बातें लिखी गईं और ऐसा करने वाले को लाखों रुपये का इनाम देने की बात भी कही गई। मामले को गंभीर मानते हुए रामस्वरूप ब्रह्मचारी ने महाकाल थाने में लिखित आवेदन दिया।
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले को विवेचना में लिया गया है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स, वायरल वीडियो और संबंधित पोस्ट्स की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रामस्वरूप ब्रह्मचारी, जिन्हे मिली धमकी- फोटो : credit
रामस्वरूप ब्रह्मचारी, जिन्हे मिली धमकी- फोटो : credit
रामस्वरूप ब्रह्मचारी, जिन्हे मिली धमकी- फोटो : credit