दौसा जिले में सार्वजनिक स्थान जैसे स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल और भीड़ वाले इलाके में जो मनचले महिलाओं से छेड़छाड़ करते हैं। अब उन मनचलों की खैर नहीं होगी। क्योंकि पुलिस ने अब कालिका पेट्रोलिंग यूनिट बनाकर सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी के आदेश दे दिए हैं।
दौसा पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा राज्य की महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन किया। इधर, कालिया पेट्रोलिंग यूनिट का शुभारंभ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके चलते अब RAJCOP APP में NEED HELP पर शिकायत दर्ज होते ही कार्रवाई होगी। उधर, मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2024-25 के अनुसार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इस मौके पर दौसा पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा, लोकेश सोनवाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, गुरु शरण राव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रवि शर्मा वृत्ताधिकारी दौसा, सुधीर उपाध्याय कोतवाली द्वारा कालिका यूनिट का माल्यार्पण कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय दौसा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौसा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि यह जो चार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट है, यह तुरंत कार्रवाई करेगी और इनको यहां तैनात करने से पहले पूरी तरह ट्रेंड किया गया है। यह हर सूरत में अपराधियों में लड़ने में सक्षम है। इनके द्वारा की गई कार्रवाई को आगे थाने तक की बाकी कार्रवाई भी उसके बाद की जाएगी।
महिलाओं, बालिकाओं को पहले RAJCOP APP डाउनलोड करना होगा। RAJCOP APP में NEED HELP के नाम से ऑप्शन मिलेगा, जिस पर कोई महिला, बालिका अपने मोबाइल से RAJCOP APP पर शिकायत कर सकती है। उसकी शिकायत पर महिला कालिका पेट्रोलिंग यूनिट आपकी लोकेशन पर तुरंत पहुंचकर शिकायती महिला या बालिका की मदद कर सकेगी।
कालिया पेट्रोलिंग यूनिट का मुख्य उद्देश्य
यह यूनिट जिले के स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, मॉल्स, पार्कों, बसों और अन्य भीड-भाड वाले स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग जैसी अप्रिय घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए काम करेगी। इस यूनिट का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित महसूस कराना और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।