जोधपुर रेंज पुलिस की साइक्लोनर टीम ने ऑपरेशन लीलटांस के तहत सात साल से फरार चल रहे 40 हजार के इनामी तस्कर कन्हैयालाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मध्यप्रदेश का रहने वाला है और मारवाड़ क्षेत्र में मादक पदार्थों की आपूर्ति की बड़ी कड़ी माना जाता था।
आरोपी कन्हैयालाल पुत्र मनोहरलाल, निवासी घसुण्डी बामणी, थाना नीमच केंट, जिला नीमच (म.प्र.), आंतरी माता मंदिर में प्रसाद पाने और दर्शन के लिए आया था, जहां साइक्लोनर टीम ने उसे धरदबोचा। टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में 15 दिन तक डेरा डाले रखा और तीन अलग-अलग टीमों ने इसके लिए घेराबंदी की थी।
आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी मारवाड़ क्षेत्र में अफीम और डोडा-पोस्त की आपूर्ति करने वाले गिरोहों से जुड़ा हुआ था। कई बड़े तस्करों ने जांच में कन्हैयालाल का नाम लिया था। हालांकि उसका परिवार पारंपरिक रूप से पूजा-पाठ और कर्मकांड से जुड़ा है, लेकिन कन्हैया ने इस रास्ते को छोड़ मादक पदार्थों की तस्करी को अपना व्यवसाय बना लिया। पढ़ाई केवल कक्षा आठ तक की, लेकिन तस्करी के लिए नेटवर्किंग और जोखिम उठाने की उसकी क्षमता ने उसे गिरोहों के बीच खास बना दिया।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: IAS कोचिंग शिक्षक ने उधार लौटाने से किया इनकार, मांगने पर दी जान से मारने की धमकी; FIR दर्ज
कन्हैयालाल का बचपन से ही अपने दोस्त राकेश के जरिये मेवाड़ के कुख्यात तस्कर कमल राणा से संपर्क हुआ। उसके कारनामों से प्रेरित होकर कन्हैया ने भी इसी राह पर कदम बढ़ाए। परिवार ने उसके लिए दूध की डेयरी तक खुलवाई, लेकिन उसकी दिलचस्पी काले दूध यानी अफीम में ही रही। आरोपी करीब 250 किलो और 26 क्विंटल डोडा-पोस्त के दो बड़े मामलों में वांछित था। वर्ष 2018 में बाड़मेर के तस्कर कंवराराम को उसने 250 किलो डोडा-पोस्त सप्लाई किया था। वर्ष 2022 में बाड़मेर निवासी तेजाराम को 26.5 क्विंटल डोडा-पोस्त ट्रक में भरवाया था। इन मामलों के लिए पुलिस ने उस पर 40 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरु पूर्णिमा पर वह आंतरी माता के दर्शन करने और बाद में बहन से मिलने आने वाला है। उसके पास एक पॉवर बाइक थी। तीन टीमें बनाकर कार्डन तैयार किया गया। जैसे ही उसे पुलिस घेरे का आभास हुआ, वह बाइक छोड़ खेतों की ओर भागा लेकिन साइक्लोनर टीम के कांस्टेबल मांगीलाल ने करीब 1 किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।