कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश देते हुए कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्पीकर ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित महिलाओं की स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
ये भी पढ़ें: Kota News: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 6 प्रसूताओं की तबियत बिगड़ी, एक की मौत; परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
मामले की जांच के लिए जयपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कोटा पहुंच रही है। राज्य सरकार ने भी इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने घटना की जानकारी लेने के बाद सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज जयपुर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को तत्काल कोटा भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
जयपुर से भेजी गई टीम में निश्चेतना विभाग के डॉ. निहार शर्मा, मेडिसिन विभाग के डॉ. सुनील कुमार महावर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के डॉ. पवन अग्रवाल और नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. संजीव कुमार शर्मा शामिल हैं। सरकार और स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रसूताओं की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यकतानुसार उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।