{"_id":"68c6688e0133f3722b0722dd","slug":"video-mandi-bhupindra-of-alanya-is-earning-up-to-one-lakh-rupees-every-month-from-milk-production-2025-09-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"Mandi: अल्याणा के भुपिंद्र दुग्ध उत्पादन से हर माह प्राप्त कर रहे एक लाख रुपए तक की आय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mandi: अल्याणा के भुपिंद्र दुग्ध उत्पादन से हर माह प्राप्त कर रहे एक लाख रुपए तक की आय
पशुपालन विभाग द्वारा चलाए जा रहे त्वरित नस्ल सुधार कार्यक्रम (एक्सेलरेटेड ब्रीड इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम) के अंतर्गत लिंग वर्गीकृत वीर्य (सेक्स-सार्टेड सीमेन) तकनीक के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इससे बछियों की जन्म दर बढ़ने से दुग्ध उत्पादकों को लाभ सुनिश्चित हो रहा है। वर्तमान में देश व प्रदेश में बछड़ों व बैलों की संख्या बढ़ रही है, जबकि खेतों में उनके उपयोग की आवश्यकता न्यूनतम रह गई है। इससे यह पशु अनुपयोगी होकर सड़कों पर बेसहारा घूमते हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। ऐसे में मादा पशुओं की संख्या में वृद्धि होने से इन बेसहारा गायों को आश्रय भी मिल सकेगा। इसके लिए पशुपालन विभाग लिंग वर्गीकृत वीर्य तकनीक का उपयोग कर बछड़ों की तुलना में बछियों की जन्म दर बढ़ाने के प्रयास कर रहा है। मंडी जिले के सरकाघाट के उपमण्डलीय पशु चिकित्सालय सरकाघाट के प्रभारी चिकित्सक डॉ. राजिन्दर सिंह जस्वाल ने बताया कि इस तकनीक के अंतर्गत वीर्य से "वाई" क्रोमोसोम को अलग कर केवल "एक्स-एक्स" क्रोमोसोम का उपयोग किया जाता है, जिससे बछिया पैदा होने की संभावनाएं 90 से 95 प्रतिशत तक होती है। इस तकनीक के विस्तार से उन्नत नस्ल की बछियों की संख्या बढ़ रही है, जिससे दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि हो रही है। कार्यक्रम के अंतर्गत मात्र 250 रूपये में दो टीके उपलब्ध करवाए जाते हैं। यदि पहले टीके से गर्भधारण नहीं हो पाता है तो दूसरा टीका निःशुल्क लगाया जाता है। यदि दोनों टीकों के बाद भी बछिया न पैदा हो और दोनों बार बछड़ा ही हो, तो 250 रूपये की राशि वापस कर दी जाती है। यदि दूसरे टीके के बाद बछड़ा पैदा हो, तो 125 रूपये यानी 50% राशि वापस की जाती है। उपमण्डलीय पशु चिकित्सालय सरकाघाट में जर्सी, होल्सटीन, साहिवाल और गिर नस्ल की गायों के लिए लिंग वर्गीकृत वीर्य उपलब्ध है। अब तक यहां 603 गायों को यह टीका लगाया जा चुका है। सरकाघाट उपमंडल के गांव अल्याणा डाकघर रोपड़ी के भुपिंद्र सिंह ने बताया कि वे 22 गायों का पालन करते हैं। उन्होंने पशु चिकित्सालय सरकाघाट से अपनी 8 गायों को यह टीका लगवाया था। इनमें से 6 ने बछियों को जन्म दिया, जबकि एक गाय ने बछड़े को जन्म दिया। भुपिन्दर ने बताया कि उन्होंने अप्रैल, 2023 से इस क्षेत्र में कार्य शुरू किया। इसके लिए उन्होंने राजस्थान से 5 साहिवाल नस्ल की गायें खरीदी थीं। इसके बाद जैसे-जैसे कार्य ने गति पकड़ी तो जरूरत के अनुसार फिर हरियाणा से साहिवाल क्रॉस नस्ल, जबकि गुजरात से गिर साहिवाल नस्ल की गाय खरीदी। वर्तमान में उनकी 10 गायों को यह टीका लगाया गया है, जिनमें से 6 गर्भवती हो चुकी हैं और 4 के गर्भधारण की पुष्टि शेष है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।