शहर स्थित बालाजीपुरम मंदिर परिसर में गुरुवार को हुई एक हिंसक घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मंदिर परिसर में कार्यरत कर्मचारियों और कुछ आगंतुकों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के विरोध में मंदिर प्रबंधन ने मंदिर को आगामी आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के जूता-चप्पल स्टैंड पर कार्यरत एक कर्मचारी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि दर्शन के बाद कुछ लोग अपने जूते-चप्पल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान निर्धारित शुल्क को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संबंधित व्यक्तियों ने कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
ये भी पढ़ें- मैहर में सड़क हादसा: परिजनों को छोड़कर लौट रही बोलेरो खाई में गिरी, सात वर्षीय मासूम समेत दो की मौत, आठ घायल
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य कर्मचारी के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। शिकायत में बताया गया है कि इस दौरान कुछ लोगों को सिर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें पहुंची हैं। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मंदिर प्रबंधन ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिसर में कार्यरत कर्मचारियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर मंदिर को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर से जुड़े लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार तथा परिसर में स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना का विरोध दर्ज कराने थाने पहुंचे लोग
बालाजीपुरम मंदिर परिसर में विवाद