दमोह-पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बनौली गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब 17 वर्षीय किशोरी सपना रैकवार के सिर में गंभीर चोट के बाद डॉक्टरों ने जांच में यूज हुआ कारतूस बरामद किया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सपना रैकवार अपने घर की छत पर सो रही थी, तभी अचानक उसे सिर में तेज दर्द और चोट जैसा अहसास हुआ। परिजनों को सूचना देने के बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजन तत्काल उसे शनिवार शाम करीब 7 बजे दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अभिजीत के द्वारा की गई जांच में उसके सिर से सुरक्षित तरीके से एक यूज हुआ कारतूस ऑपरेशन कर सुरक्षित तरीके से निकाला गया, जिससे अस्पताल परिसर में भी हड़कंप मच गया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखकर उपचार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-गुर्जर समाज की नाराजगी के बाद विधायक प्रीतम लोधी का यू-टर्न, बोले- खेद व्यक्त करता हूं
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमोह कोतवाली पुलिस और पन्ना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना के सम्बद्ध में पुलिस ने पीड़ित व परिजनों के बयान दर्ज कर किया है। पुलिस हर पहलू—दुर्घटना, गोली चलने की घटना या अन्य किसी आपराधिक एंगल से मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि सपना के माता-पिता का निधन हो चुका है और वह अपनी बुआ के साथ रहती है। इस रहस्यमयी घटना ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि कहीं आसपास गोली चलने की घटना के दौरान यह स्थिति न बनी हो, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

सिर में से निकाला कारतूस
इस बालिका के सिर में धंसा था कारतूस
डॉक्टरों ने मशक्कत के बाद निकाला कारतूस