दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के अजमेरी हाल के पास शुक्रवार की रात करीब आठ बजे एक युवक की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। बीच बाजार हुई इस घटना के बाद लोग सकते में हैं। मृतक को स्थानीय लोग और परिजन अस्पताल भी लेकर आए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल के शव ग्रह में रखवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
फुटेरा वार्ड पांच निवासी मृतक राकेश रैकवार पिता दुर्गा रैकवार 35 के भाई बबलू रैकवार ने बताया कि उसके भाई का अकील खान नामक युवक से मुर्गा खरीदने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन रात में राकेश मां को इलाज के लिए लेकर जा रहा था। तभी अकील ने उस पर कार चढ़ाकर घायल कर दिया और घटनास्थल से भाग निकला। भाई गंभीर रूप से घायल था तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
सोनम को दहेज में दी कार और महंगे गिफ्ट नहीं लेगा गोविंद, गहने लौटाए
इधर हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीएसपी एचआर पांडे घटना स्थल पहुंचे स्थानीय लोगों से जानकारी ली। हिंदुवादी संगठन से जुड़े लोग भी रात में घटना स्थल पहुंचे थे। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। शनिवार की सुबह पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक के परिजन से बयान लिए गए।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया मृतक और आरोपी अकील खान का कोई विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया विवाद के चलते ही कार से कुचलकर हत्या किया जाना पाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी एलर्ट है कि कहीं कोई बड़ा विरोध प्रदर्शन न होने लगे, क्योंकि दिन दहाड़े हुई हत्या के बाद जहां इलाके में सनसनी फैली है। वहीं लोग भी घटना से दहशत में हैं। अस्पताल में भी सुबह से पुलिस तैनात है।